हरिद्वार में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुल सचिव की पिटाई, धरने पर बैठे कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -

–कई दिनों से आंदोलन कर रहे नॉन टीचिंग कर्मचारियों ने कुल सचिव डॉ. सत्यदेव निगमलंकर के साथ की मारपीट, कुलपति प्रतिभा लुथरा ने कनखल कोतवाली में दी तहरीर, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

खबर डोज, हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कई दिनों से धरने पर बैठे नॉन टीचिंग कर्मचारियों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ. सत्यदेव निगमलंकर के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के नॉन टीचिंग कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे हुए हैं। इसी बीच कर्मचारियों और विश्वविद्यालय प्रबंधन के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद इतना बढ़ा कि कुछ कर्मचारियों ने कुल सचिव को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलने पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रतिभा लुथरा कोतवाली कनखल पहुंचीं और मामले में तहरीर दी। उन्होंने कुल सचिव के साथ हुई मारपीट को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

वहीं, कनखल कोतवाली के एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

विश्वविद्यालय जैसे शैक्षणिक संस्थान में कर्मचारियों के आंदोलन के बीच कुल सचिव के साथ हुई मारपीट की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों की मांगों को लेकर चल रहा विवाद अब हिंसक रूप ले चुका है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

You cannot copy content of this page