सत्यापन में लापरवाही और चोरी पर एसएसपी श्वेता चौबे का कड़ा रुख, 57 पुलिसकर्मी सम्मानित

–नशा तस्करी और साइबर अपराध पर सख्ती के निर्देश, कांवड़ मेला ड्यूटी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को मिला सम्मान
खबर डोज, नई टिहरी। पुलिस लाइन चंबा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, शिकायतों और विभिन्न पुलिस अभियानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सत्यापन अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पाने वाले थाना प्रभारियों को एसएसपी ने कड़ी फटकार लगाई।

गोष्ठी की शुरुआत में एसएसपी श्वेता चौबे ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से उनकी कार्य संबंधी एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग और अपराध की रोकथाम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सत्यापन अभियान को गंभीरता से चलाने के निर्देश देते हुए संदिग्ध व्यक्तियों, बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और अन्य संवेदनशील श्रेणियों का निरंतर सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा।
चोरी की घटनाओं को लेकर एसएसपी ने संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करने, रात्रि गश्त और चेकिंग बढ़ाने तथा पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के शीघ्र अनावरण के लिए ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारियों से अपराध नियंत्रण के लिए क्षेत्र में सक्रिय पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा।
नशा तस्करी और साइबर अपराध पर सख्ती
एसएसपी ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन और तस्करी के खिलाफ NDPS Act के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे के नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाकर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा नशे के कारोबार की पूरी श्रृंखला को चिन्हित करने पर जोर दिया।
साइबर अपराध की समीक्षा करते हुए साइबर शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई, पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने, तकनीकी सहायता लेने और विवेचनाओं को प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति और खतरनाक ढंग से वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग और निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
लंबित विवेचनाओं और शिकायतों के निस्तारण पर जोर
एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं, जांचों और शिकायती प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सीनियर सिटीजन पोर्टल सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने न्यायालयों से जारी आदेशिकाओं की शत-प्रतिशत तामील, वारंटियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तथा पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित अभियानों में अधिक से अधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कांवड़ मेला ड्यूटी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 57 पुलिसकर्मी सम्मानित
गोष्ठी के दौरान जनपद में सराहनीय, उत्कृष्ट एवं निष्ठापूर्वक कार्य करने वाले तथा कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुल 57 पुलिस कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
एसएसपी श्वेता चौबे ने सम्मानित पुलिस कार्मिकों की सराहना करते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को समय-समय पर प्रोत्साहित करने से उनका मनोबल बढ़ता है और अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सभी सम्मानित कार्मिकों से भविष्य में भी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
त्योहारों को लेकर बढ़ाई जाएगी सतर्कता
आगामी त्योहारों एवं विभिन्न आयोजनों के मद्देनजर एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग, नियमित गश्त और चेकिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन एवं पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
गोष्ठी के समापन पर एसएसपी श्वेता चौबे ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में जनता का विश्वास सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने आचरण एवं कार्यशैली से इस विश्वास को और मजबूत करना चाहिए।
मासिक अपराध गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह, क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह, क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भंडारी, क्षेत्राधिकारी चंबा महेश चंद्र लखेड़ा सहित जनपद मुख्यालय के अधिकारी, समस्त थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








