कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर जगह-जगह गिरे बोल्डर, दुर्गा मंदिर और चूना धारा के निकट भी गिरे बोल्डर, सुबह तड़के से यातायात ठप, देखिए वीडियो

खबर डोज, कोटद्वार। देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कोटद्वार और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के चलते कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर जगह-जगह पहाड़ी से बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गया, जिसके कारण यह महत्वपूर्ण मार्ग मंगलवार सुबह तड़के से यातायात के लिए बंद पड़ा है। बंद पड़े स्थानों की वीडियो मंगाई गई है, फिलहाल दिखाई जा रही वीडियो चूना धारा की है।
मार्ग बंद होने के चलते कोटद्वार और दुगड्डा की ओर जाने वाले वाहनों की दोनों तरफ लंबी कतारें लग गई हैं। बड़ी संख्या में वाहन सड़क पर फंसे हुए हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से बोल्डर गिरने का सिलसिला भी बना हुआ है, जिससे सड़क खोलने के कार्य में भी चुनौती सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर बोल्डर और मलबा गिरा है। वहीं, चूना धारा के पास भी पहाड़ी से छोटे-बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे हैं। इसके अलावा दुर्गा मंदिर के समीप भी बोल्डर गिरने की सूचना है। इन स्थानों पर सड़क पर पत्थर आने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है।
मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही कोटद्वार कोतवाली की दुगड्डा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गई। पुलिस की मौजूदगी में मार्ग से बोल्डर और मलबा हटाकर रास्ता खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भारी बारिश को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के दौरान भूस्खलन और बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करने और मार्ग खुलने तक सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी गई है।
फिलहाल कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर यातायात सुचारू नहीं हो पाया है। सड़क खुलने के बाद ही वाहनों की आवाजाही सामान्य होने की उम्मीद है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







