हरिद्वार में नामी बेकरी पर राज्य कर विभाग की छापेमारी, स्टॉक और आईटीसी में 30 लाख की गड़बड़ी

रानीपुर मोड़ स्थित प्रतिष्ठान के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड खंगाले, दस्तावेज कब्जे में लिए; विभाग ने नोटिस जारी कर मांगा जवाब
खबर डोज, हरिद्वार। शहर के रानीपुर मोड़ क्षेत्र में स्थित एक नामी बेकरी शॉप पर राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा ने छापेमारी कर जीएसटी से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। शुरुआती जांच में प्रतिष्ठान के स्टॉक और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के आंकड़ों में करीब 30 लाख रुपये की विसंगति सामने आई है। कार्रवाई के बाद विभाग ने कारोबार से संबंधित दस्तावेजों की जांच तेज कर दी है।

आयुक्त राज्य कर प्रतीक जैन के निर्देश पर बुधवार को की गई इस कार्रवाई में विशेष अनुसंधान शाखा, सचल दल और ऑडिट इकाई के अधिकारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने बेकरी पहुंचकर खरीद-बिक्री के बिलों, उपलब्ध स्टॉक और आईटीसी के दावों का बारीकी से मिलान किया। जांच के दौरान रिकॉर्ड में अंतर पाए जाने पर अधिकारियों ने जीएसटी से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिए।
रिकॉर्ड की जांच में सामने आई 30 लाख की विसंगति
उपायुक्त राज्य कर देहरादून सुरेश कुमार के अनुसार, प्रतिष्ठान के अभिलेखों की प्रारंभिक जांच में करीब 30 लाख रुपये की विसंगतियां सामने आई हैं। फिलहाल उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर इनपुट टैक्स क्रेडिट के दावों की पड़ताल की जा रही है। जांच में खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और स्टॉक के आंकड़ों का मिलान किया जा रहा है, ताकि विसंगतियों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
नोटिस जारी, जवाब के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
राज्य कर विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अब प्रतिष्ठान की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेजों और स्पष्टीकरण का परीक्षण किया जाएगा। यदि जांच में जीएसटी नियमों के विपरीत आईटीसी का लाभ लेने या कर संबंधी अनियमितता की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार कर निर्धारण और वसूली की कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल मामले में विभागीय जांच जारी है। कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त चंचल कुमार, राज्य कर अधिकारी असद अहमद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सामने आई विसंगतियों के आधार पर कितना कर देय बनता है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









