झूठा श्रेय लेने वाली कांग्रेस विधायक का विकास से कोई वास्ता नहीं: स्वामी यतीश्वरानंद

–जमालपुर कलां में साढ़े चार साल से खराब सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ, पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस विधायक पर लगाए श्रेय लेने के आरोप
खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कांग्रेस विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका विकास कार्यों से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस विधायक पूर्व में शुरू कराए गए विकास कार्यों का श्रेय लेने और निर्माण कार्यों के बोर्ड बदलवाने में जुटी हैं।

बुधवार को ग्राम जमालपुर कलां में स्वामी यतीश्वरानंद ने दयाल एन्क्लेव, रमा विहार और रुद्र विहार के मुख्य मार्ग से जुड़ी सड़क के निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग पिछले करीब साढ़े चार वर्षों से सड़क की समस्या से जूझ रहे थे। सड़क नहीं होने के कारण लगभग पांच हजार की आबादी प्रभावित थी, लेकिन स्थानीय कांग्रेस विधायक ने इस समस्या के समाधान के लिए ध्यान नहीं दिया।

स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि क्षेत्रवासियों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने खनन विकास निगम के माध्यम से कॉलोनियों की सड़कों का निर्माण शुरू कराया है। उनका कहना था कि जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि लोगों को लंबे समय तक समस्याओं का सामना न करना पड़े।
रसूलपुर पुल को लेकर भी कांग्रेस विधायक पर साधा निशाना
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने रसूलपुर में प्रस्तावित पुल का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले कार्यकाल में उनके प्रस्ताव पर घोषणा संख्या 1038/2021 के तहत पुल निर्माण की घोषणा की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब कांग्रेस विधायक इस कार्य का श्रेय लेने के लिए प्रचार कर रही हैं, जबकि इसकी पहल पहले ही की जा चुकी थी।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संभव है कि सड़क तैयार होने के बाद उसका भी फीता काटकर श्रेय लेने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीतिक श्रेय लेना नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता को सड़क, पुल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
स्वामी यतीश्वरानंद ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आने पर कांग्रेस विधायक के पास अपनी उपलब्धियां बताने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वह पूर्व में शुरू कराए गए कार्यों का श्रेय लेकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब जानती है और विकास कार्यों को लेकर किए जा रहे दावों की वास्तविकता से भी परिचित है।
कार्यक्रम के दौरान मंडल महामंत्री एवं ग्राम प्रधान हरेंद्र चौधरी ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, मंडल अध्यक्ष विवेक चौहान, डॉ. प्रदीप चौधरी, नाथीराम चौधरी, मास्टर धर्मेंद्र चौहान, डॉ. मनमोहन, प्रमोद चौहान, तिलकराम सैनी, सुधीर ठाकुर, महक सिंह, अभिषेक, विपिन चौधरी, राजदीप सिंह, जोगेंद्र जौनी, मोहित ठाकुर और लवी चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








