टिहरी पुलिस की कार्रवाई, ब्रेजा कार से 10 पेटी अवैध शराब और बीयर बरामद, एक गिरफ्तार

–चमियाला में वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ी गई शराब, तस्करी में इस्तेमाल ब्रेजा कार जब्त
खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चमियाला क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक ब्रेजा कार से अंग्रेजी शराब की छह पेटी और बीयर की चार पेटी बरामद की हैं। पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में नशे के अवैध कारोबार और शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 अक्टूबर 2026 को पुलिस चौकी चमियाला की टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान वाहन संख्या UK14 K 2233 (ब्रेजा) की तलाशी लेने पर उसमें से अवैध शराब और बीयर बरामद हुई।
मौके से पुलिस ने जितेंद्र सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह रावत, निवासी ग्राम खवाड़ा, पट्टी बासर, तहसील बालगंगा, जनपद टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बरामदगी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है।
10 पेटी शराब और बीयर बरामद
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बरामद शराब में सोलमेट ब्लू के पांच पेटी शामिल हैं, जिनमें कुल 240 पव्वे हैं। इसके अलावा रॉयल स्टैग की एक पेटी से 48 पव्वे बरामद किए गए। वहीं, प्रीमियम स्ट्रांग बीयर TRUK 1100 की चार पेटियों में 500 एमएल के कुल 96 कैन मिले हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक संजीत कुमार, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश और कांस्टेबल सचिन शामिल रहे।
एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा अवैध शराब की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







कालागढ़ में दर्दनाक हादसा: बाथरूम में करंट लगने से सिंचाई विभाग के जेई अनिल कुमार की मौत 
