टिहरी पुलिस ऑपरेशन प्रहार: 10 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, कार सीज

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से पर्यटन क्षेत्रों में खपाने के लिए लाई जा रही 10 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त सेंट्रो कार भी सीज कर दी।

जानकारी के अनुसार, 27 जून 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली नरेंद्रनगर की चौकी प्लासडा पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध सेंट्रो कार (UK 07 Z 4683) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से चंडीगढ़ मार्का इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की की 10 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 36 बोतल और 336 पव्वे मिले।
पुलिस ने मौके से शोएब निवासी सलेमपुर महदूद, थाना रानीपुर, जनपद हरिद्वार तथा अनिल कुमार निवासी लक्खीबाग, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शराब को चंडीगढ़ से लाकर टिहरी जनपद के पर्यटन क्षेत्रों में बेचने की तैयारी में थे।
इस संबंध में कोतवाली नरेंद्रनगर में मु0अ0सं0-20/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 63 एवं 72 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल संजय रावत, कांस्टेबल अनिल सैनी और कांस्टेबल कर्ण सिंह की टीम ने अंजाम दिया।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







