48 घंटे में हत्या का खुलासा: दामाद की चाकू से हत्या करने वाला ससुर गिरफ्तार, आला कत्ल और खून से सने कपड़े बरामद

खबर डोज, भगवानपुर (हरिद्वार)। भगवानपुर क्षेत्र में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात का हरिद्वार पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को हल्लूमाजरा चौक स्थित गुफरान चिकन सेंटर के पास एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम की सहायता से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की भेजा। प्राप्त तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर 27 जून को कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा संख्या 260/2026 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सर्विलांस इनपुट का गहन विश्लेषण किया। लगातार जांच के बाद पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी शहनवाज पुत्र मीरू, निवासी बड़ीवाला, थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसकी बेटी का प्रेम विवाह उसके सगे भांजे मुफीद से हुआ था। कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा और तलाक की नौबत आ गई। आरोपी अपनी बेटी का वैवाहिक जीवन टूटने से बेहद नाराज था और इसके लिए मृतक मुफीद को जिम्मेदार मानता था।
इसी रंजिश में उसने पहले से हत्या की योजना बनाई। वह भगवानपुर पहुंचा, एक चाकू खरीदा और मौका मिलते ही मुफीद पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मृतक की पहचान मुफीद पुत्र मतलूब, निवासी रोलाहेड़ी, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
इस पूरे हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान, कांस्टेबल उवैदउल्ला, कांस्टेबल दीपक ममगाई और कांस्टेबल सचिन तोमर शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







