20 मई को सार्वजनिक रहेगा अवकाश, राजकीय और पुलिस सम्मान के साथ होगी पूर्व मुख्यमंत्री मेजर बीसी खंडूड़ी की अंत्येष्टि
खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन के बाद प्रदेशभर में शोक की लहर है। राज्य सरकार ने उनके सम्मान में 19 मई से 21 मई तक तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) की अंत्येष्टि 20 मई को पूरे राजकीय एवं पुलिस सम्मान के साथ सम्पन्न कराई जाएगी।
राजकीय शोक की अवधि के दौरान प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों एवं भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। साथ ही राज्य सरकार की ओर से किसी भी प्रकार के शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
सरकार ने बुधवार, 20 मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दौरान प्रदेश के सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान और अन्य सरकारी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी को उत्तराखंड की राजनीति में ईमानदार और सादगीपूर्ण छवि वाले नेता के रूप में जाना जाता था। उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए सुशासन, पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता दी। उनके निधन को प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्यभर में उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें




20 मई को सार्वजनिक रहेगा अवकाश, राजकीय और पुलिस सम्मान के साथ होगी पूर्व मुख्यमंत्री मेजर बीसी खंडूड़ी की अंत्येष्टि 

