रुड़की की लैब में युवती से अश्लील हरकत, आरोपी गिरफ्तार, हिंदू संगठनों का हंगामा, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, रुड़की। रुड़की की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी ब्लड टेस्टिंग लैब में युवती के साथ कथित अश्लील हरकत का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गंगनहर क्षेत्र की एक ब्लड टेस्टिंग लैब में कार्यरत मोहम्मद अकरम पर आरोप है कि उसने लैब में आई एक युवती के साथ आपत्तिजनक हरकत की। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों को शक हुआ, जिसके बाद आरोपी को पकड़ लिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी की पिटाई भी कर दी।

घटना की खबर फैलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता लैब के बाहर एकत्र हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह माहौल को शांत कराया।

पुलिस आरोपी मोहम्मद अकरम को अपने साथ कोतवाली ले गई, जहां युवती की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गंगनहर कोतवाली पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

You cannot copy content of this page