कांगड़ी फ्लाईओवर पर दर्दनाक सड़क हादसा, बस और बाइक की टक्कर में एक कांवड़िये की मौत, दो गंभीर घायल

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार को हरिद्वार के कांगड़ी फ्लाईओवर पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार रोडवेज डिपो की बस और एक मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार तीन कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक की उपचार के दौरान जिला चिकित्सालय में मौत हो गई, जबकि दो अन्य का इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को डायल-112 के माध्यम से थाना श्यामपुर पुलिस को सूचना मिली कि कांगड़ी फ्लाईओवर पर रोडवेज बस संख्या UK08PA1780 और मोटरसाइकिल संख्या HR87M-1659 के बीच दुर्घटना हो गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्यामपुर पुलिस बल और निजी एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे।

दुर्घटना में बाइक सवार कमल पुत्र कमरुद्दीन, मयंक पुत्र नरेश तथा मनीष (उम्र लगभग 23 वर्ष) निवासी गांधी कॉलोनी, फरीदाबाद (हरियाणा) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तत्काल निजी एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। वहीं कमल और मयंक का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त बस और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाना लाया जा रहा है। पंचायतनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद भी क्षेत्र में यातायात और कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

You cannot copy content of this page