महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिसकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। महिला से दो लोगों ने दुराचार किया है। पीड़ित महिला की शिकायत पर रायपुर पुलिस ने दो आरोपितों को नामजद किया है। आरोपितों में एक पुलिसकर्मी बताया जा रहा है। आरोप है कि दोनों ने किसी को यह बात बताने पर महिला को उसके पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
मामले में नेहरूग्राम की रहने वाली महिला ने पुलिस को शिकायत दी है। महिला ने पुलिस को बताया कि सात माह पहले उसके पहचान वाले कुंवर पाल सिंह नेगी ने उसके साथ छेड़खानी शुरू की। जब भी वह सुबह घूमने निकलती तो आरोपित उससे छेड़छाड़ करता। एक रोज कुंवर पाल ने उससे जबरन दुराचार किया। इसके साथ ही उसे धमकी भी दी।
महिला को धमकी भी मिली की अगर वो ये बात किसी को बताएगी तो वह उसके बच्चों व उसके पति को जान से मार देगा। इसके बाद कुवर पाल ने अपने एक साथी कुलवीर के साथ भी उससे दुराचार करवाया।

महिला के अनुसार कुलवीर पुलिस विभाग में कार्यरत है और रेसकोर्स मे रहता है। कुंवर पाल सिंह और कुलवीर ने उसे धमकी दी कि किसी को यह बात बताने पर उसे और उसके परिवार को जान से मार देंगे। दोनों के डर के कारण वह लगातार चुप रही। लेकिन उसे लगातार गुमसुम देखने के बाद उसके पति ने उससे कारण पूछा तो मजबूरन उसे सब कुछ बताना पड़ा। महिला की शिकायत पर रायपुर पुलिस ने दोनों आरोपितों को नामजद करते हुए दुराचार का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

You cannot copy content of this page