मंदिरों के दानपात्र पर हाथ साफ करने वाला चोर यमकेश्वर पुलिस ने किया गिरफ्तार, नकदी और दो दानपात्र बरामद, देखिए वीडियो

खबर डोज, यमकेश्वर। यमकेश्वर क्षेत्र के दो मंदिरों में दानपात्र चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी किए गए दो लोहे के दानपात्र और 3009 रुपये की नकदी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना यमकेश्वर में आपराधिक मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को ग्राम बदयूंन स्थित चंडी माता मंदिर का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति ने दानपात्र चोरी कर लिया था। इसके बाद 3 अगस्त को ग्राम निशनी स्थित श्री हनुमान मंदिर में भी ताला तोड़कर दानपात्र चोरी किया गया। दोनों घटनाओं के संबंध में 17 अगस्त को देवेंद्र प्रसाद बडोनी निवासी बदयूंन और राजेश खत्री निवासी निशनी ने थाना यमकेश्वर में शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने घटनाओं के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सदर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष यमकेश्वर अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनाओं की जांच के दौरान सर्विलांस विश्लेषण, स्थानीय मुखबिर तंत्र और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की जानकारी जुटाई। जांच में हितेंद्र सिंह नेगी पुत्र प्रवीण सिंह नेगी, निवासी ठांगर, यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल की संलिप्तता सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने 18 अगस्त को आरोपी हितेंद्र सिंह नेगी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से दोनों मंदिरों से चोरी किए गए दो लाल रंग के लोहे के दानपात्र बरामद किए। इसके अलावा 500 रुपये के पांच नोट यानी 2500 रुपये तथा 509 रुपये के सिक्के भी बरामद किए गए। बरामद नकदी की कुल रकम 3009 रुपये है। गिरफ्तार आरोपी की उम्र 24 वर्ष बताई गई है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल लोकेश गिरी, कांस्टेबल संजीव कुमार तथा सर्विलांस टीम कोटद्वार के कांस्टेबल शीतांशु शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







