चेक बाउंस मामले में वन विभाग के कर्मचारी को कोटद्वार पुलिस ने किया गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के बाद मवाकोट से दबोचा गया वारंटी

खबर डोज, कोटद्वार। चेक बाउंस के मामले में फरार चल रहे वन विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी को कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मवाकोट क्षेत्र से दबोचा। गिरफ्तार वारंटी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को न्यायालयों से जारी गैर-जमानती वारंट (N.B.W.) की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वांछित और वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया है।

इसी क्रम में कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोटद्वार की अदालत में विचाराधीन चेक बाउंस के मामले में फरार चल रहे वारंटी जितेन्द्र सिंह निवासी मवाकोट कोटद्वार जनपद पौड़ी गढ़वाल को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी को मवाकोट से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन, हेड कांस्टेबल राकेश आजाद और कांस्टेबल अनुज वर्मा शामिल रहे। कोटद्वार पुलिस ने बताया कि न्यायालयों से जारी गैर-जमानती वारंटों की तामील को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page