सिडकुल में ऑपरेशन प्रहार का बड़ा असर, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 51 नशेड़ी दबोचे

–फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय महिलाओं पर फब्तियां कसने की शिकायतों के बाद पुलिस की कार्रवाई, 12,750 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला
खबर डोज, हरिद्वार। मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सिडकुल पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों के आसपास और सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कुल 51 लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की। इस दौरान कुल 12,750 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
पुलिस के अनुसार, सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय शराब के नशे में कुछ लोगों द्वारा राह चलने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसने और अभद्र व्यवहार करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर सिडकुल पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।
25 अगस्त 2026 को थाना अध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में सिडकुल पुलिस की अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों के आसपास, ढाबों और सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग करने वालों की धरपकड़ की। अभियान के दौरान कुल 51 व्यक्तियों को पकड़ा गया और सभी के खिलाफ धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कार्रवाई के साथ सभी आरोपियों को भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी भी दी। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना, शराब पिलाना अथवा नशे की हालत में हुड़दंग करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं और राहगीरों से अभद्रता करने वालों के खिलाफ आगे और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सिडकुल पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में खुलेआम शराब पीकर हुड़दंग करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें





स्टेशन रोड की दुकानें हटाने के विरोध में कोटद्वार बाजार बंद, परिवार समेत तहसील पहुंचे व्यापारी, देखिए वीडियो 
