वन कर्मियों पर हमला करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, कार से मिले 500 के 105 जाली नोट, श्यामपुर कोतवाली प्रभारी अवनी तिवारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

खबर डोज, हरिद्वार। श्यामपुर थाना पुलिस ने वन कर्मियों पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जाली नोटों के कारोबार का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की कार से ₹500 के 105 जाली नोट, लोहे की रॉड समेत अन्य सामान बरामद किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 को वन रेंज श्यामपुर में तैनात वन आरक्षी ललित कुमार ने कोतवाली श्यामपुर में तहरीर देकर बताया कि वह अपने साथी वन आरक्षी अश्विनी कुमार के साथ सरकारी ड्यूटी पर थे। इसी दौरान पांच लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। आरोपियों ने दोनों वन कर्मियों को जान से मारने की धमकी दी, मोबाइल फोन छीनकर सड़क पर पटक दिया और बाद में उसे नहर में फेंक दिया। विरोध करने पर लोहे की रॉड से हमला कर दोनों को घायल कर दिया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली श्यामपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज रावत को सौंपी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचनाओं और लगातार निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त सियाज कार (DL-5CN-2968) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को कार से ₹500 के 105 जाली नोट, एक लोहे की रॉड, छह A4 साइज पेपर शीट, एक एटीएम कार्ड और उसकी बुकलेट बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के नकली नोट तैयार करने और उन्हें बाजार में चलाने के अवैध कारोबार में शामिल होने के संकेत मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम कश्यप निवासी श्यामपुर, अनुल निवासी श्यामपुर और विकास सिंह निवासी कांगड़ी, थाना श्यामपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की तलाश के साथ-साथ जाली नोटों के पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु) एवं प्रभारी कोतवाली श्यामपुर सुश्री अवनी तिवारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज रावत, उपनिरीक्षक मोहन कठैत, मुख्य आरक्षी रचन पठानिया, अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़, कांस्टेबल संदीप पुंडीर एवं होमगार्ड अंकित रावत शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







