सतपुली में दर्दनाक हादसा: चलती बोलेरो पर गिरा विशाल बोल्डर, एक की मौत, दो गंभीर घायल, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल के सतपुली क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सतपुली मल्ली के पास चल रही एक बोलेरो कार पर अचानक पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिर गया। हादसे में वाहन सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यूपी-16 EU-7595 नंबर की निजी बोलेरो सतपुली मल्ली क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से एक बड़ा बोल्डर वाहन के ऊपर आ गिरा। बोल्डर की चपेट में आने से बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए हंस हॉस्पिटल, सतपुली भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतक की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस मार्ग पर लगातार भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

You cannot copy content of this page