पथरी थाना परिसर में रील बनाकर क्षेत्र में हुड़दंग मचाने वाला युवक गिरफ्तार, राहगीरों से की थी गाली-गलौज, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

अवैध असलहे के मामले में जेल से लौटने के बाद बनाई थी रील, पुलिस की गिरफ्त में आते ही मांगने लगा माफी

खबर डोज, हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र में अवैध असलहे के मामले में जेल से लौटने के बाद थाना परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने और क्षेत्र में हुड़दंग मचाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। आरोप है कि युवक सड़क पर आने-जाने वाले राहगीरों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की कर रहा था। समझाने पर वह मारपीट पर उतारू हो गया। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद युवक माफी मांगने लगा।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को थाना पथरी की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम सुकरासा में एक व्यक्ति सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को परेशान कर रहा है। स्थानीय लोगों के समझाने पर भी वह शांत होने के बजाय मारपीट पर उतारू हो रहा है। सूचना में यह भी सामने आया कि युवक अवैध असलहे के मामले में जेल से लौटने के बाद थाना परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर चुका है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक राहगीरों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए उत्तेजित अवस्था में मिला। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार हंगामा करता रहा और मारपीट पर आमादा हो गया।

शांति व्यवस्था बिगड़ने और किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने युवक को उसके कृत्य की जानकारी देते हुए नियमानुसार बीएनएसएस के तहत हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवक की पहचान विनीत पुत्र ब्रह्मपाल, निवासी ग्राम धारीवाला, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में की है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महेंद्र पुंडीर और अपर उपनिरीक्षक जसवंत बिष्ट शामिल रहे।

You cannot copy content of this page