जीएसटी छापेमारी के विरोध में सड़कों पर उतरे व्यापारी, कोटद्वार व्यापार मंडल ने भी दिया समर्थन, कल हरिद्वार में बाजार बंद रखने की चेतावनी

ख़बर शेयर करें -

-रानीपुर मोड़ पर व्यापारियों ने किया धरना-प्रदर्शन, बोले- छापेमारी के नाम पर उत्पीड़न बंद करे विभाग, अधिकारियों को सौंपेंगे दुकानों की चाबियां

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में पिछले तीन दिनों से लगातार जीएसटी विभाग की ओर से दुकानों पर की जा रही छापेमारी के विरोध में व्यापारियों का आक्रोश बढ़ गया है। रविवार को नाराज व्यापारियों ने रानीपुर मोड़ पर एकत्र होकर जीएसटी विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने विभाग की कार्रवाई को उत्पीड़न बताते हुए इसे तत्काल बंद करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि सोमवार को हरिद्वार में दुकानें बंद रखी जाएंगी और दुकानों की चाबियां जीएसटी अधिकारियों को सौंपी जाएंगी।

धरना-प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने कहा कि वर्तमान में बाजार पहले से ही मंदी के दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में जीएसटी विभाग की लगातार छापेमारी से व्यापारियों की परेशानियां और बढ़ रही हैं। व्यापारियों का आरोप है कि दुकानों पर अचानक छापेमारी होने से न केवल व्यापार प्रभावित होता है, बल्कि दुकानों की प्रतिष्ठा पर भी असर पड़ता है। इससे व्यापारियों को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

व्यापारियों ने कहा कि यदि जीएसटी विभाग को किसी व्यापारी के खिलाफ कोई शिकायत है या किसी तरह की अनियमितता की जानकारी मिलती है तो संबंधित व्यापारी को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है। नियमानुसार जांच और कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन लगातार दुकानों पर छापेमारी कर व्यापारियों को परेशान करना उचित नहीं है।

प्रदर्शनकारियों ने विभाग से मांग की कि छापेमारी के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न बंद किया जाए और कार्रवाई के दौरान व्यापारियों के सम्मान तथा उनके कारोबार का भी ध्यान रखा जाए।

हरिद्वार इलेक्ट्रिकल संगठन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता और व्यापारी नेता डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि व्यापारी पहले से ही बाजार की मंदी से जूझ रहे हैं। ऐसे में लगातार हो रही छापेमारी से कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने अपनी कार्रवाई के तरीके में बदलाव नहीं किया तो व्यापारी आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे।

व्यापारियों ने सोमवार को बाजार बंद रखने और जीएसटी अधिकारियों को दुकानों की चाबियां सौंपने की चेतावनी देते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। अब देखना होगा कि व्यापारियों के विरोध के बाद जीएसटी विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।

उधर, नगर उद्योग व्यापार मंडल कोटद्वार के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया ने हरिद्वार में जीएसटी विभाग की लगातार छापेमारी के विरोध में व्यापारियों द्वारा किए जा रहे धरना-प्रदर्शन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के साथ जांच और कार्रवाई के नाम पर ऐसा माहौल नहीं बनाया जाना चाहिए, जिससे उनमें भय और असुरक्षा की भावना पैदा हो।प्रवीण भाटिया ने कहा कि यदि किसी व्यापारी के कारोबार या जीएसटी संबंधी मामलों में विभाग को कोई शिकायत या अनियमितता मिलती है तो नियमानुसार नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। लेकिन लगातार छापेमारी से व्यापारियों में आक्रोश पैदा होना स्वाभाविक है।उन्होंने कहा कि व्यापारी सरकार को टैक्स देने के साथ-साथ रोजगार उपलब्ध कराने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में विभागीय कार्रवाई के दौरान व्यापारियों के सम्मान और उनकी प्रतिष्ठा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।उन्होंने हरिद्वार के व्यापारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार और जीएसटी विभाग को व्यापारियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए। व्यापारियों और विभाग के बीच संवाद से ही इस तरह के विवादों का समाधान संभव है।

You cannot copy content of this page