शर्मनाक: ज्वालापुर में दुर्गा मंदिर के पास गंगा जी में पुल से फेंकी बिरयानी, लोगों में भारी आक्रोश, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। ज्वालापुर क्षेत्र स्थित दुर्गा मंदिर के निकट पुल से कुछ युवकों द्वारा गंगा नदी में बिरयानी फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।

बताया जा रहा है कि दो युवक पुल पर खड़े होकर एक छोटे ड्रम से बिरयानी गंगा में फेंकते दिखाई दिए। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने विरोध जताया और आरोपियों को पकड़ लिया। मौके पर जमकर हंगामा हुआ और गुस्साए लोगों ने युवकों की धुनाई भी कर दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक है। इस तरह खाद्य सामग्री और कचरा गंगा में फेंकना न सिर्फ धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, बल्कि गंगा की स्वच्छता के लिए भी गंभीर खतरा है। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, स्थानीय सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि गंगा को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

You cannot copy content of this page