चोरी की बाइक लेकर भाग रहा आरोपी सिडकुल पुलिस ने दबोचा

-पुलिस चेकिंग देखकर बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, टायर फिसलने से गिरा, पूछताछ में ब्रह्मपुरी से बाइक चोरी करने की बात कबूली
खबर डोज, हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सिडकुल पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो मोटोकॉर्प स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर 2026 को ब्रह्मपुरी सिडकुल निवासी अंकित कुमार पुत्र अतर सिंह की काले रंग की हीरो मोटोकॉर्प स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने संदिग्धों की तलाश के साथ ही क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।
इसी क्रम में 25 सितंबर को सिडकुल दवा चौक पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान राजा बिस्कुट चौक की ओर से तेज रफ्तार में बाइक लेकर आ रहे एक व्यक्ति ने पुलिस चेकिंग देख अचानक बाइक वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल का टायर फिसल गया और बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया।
पुलिस ने मोटरसाइकिल की जांच की तो पता चला कि बाइक थाना सिडकुल में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 399/2026 में चोरी की गई मोटरसाइकिल है। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने यह बाइक 15 सितंबर को ब्रह्मपुरी क्षेत्र से चोरी की थी। पुलिस ने मोटरसाइकिल को कब्जे में लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ऋतिक पुत्र कल्लू सिंह निवासी बस्तुरा, थाना हस्तिनापुर, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, एडिशनल उपनिरीक्षक अनिल सैनी, हेड कांस्टेबल संजय तोमर और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







