कोटद्वार के चेक पोस्टों पर चेकिंग का ड्रामा, शहर में धड़ल्ले से चल रहा अवैध शराब का कारोबार

-नशा मुक्त अभियान के बीच अवैध शराब की बिक्री पर उठे सवाल, आबकारी और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान
खबर डोज, कोटद्वार। जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। एक ओर प्रदेश सरकार की ओर से नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाने से जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है।
कोटद्वार के कौड़िया क्षेत्र में आबकारी विभाग का चेक पोस्ट स्थापित है, जहां बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की चेकिंग की जाती है। इसके बावजूद शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नियमित रूप से प्रभावी निगरानी और कार्रवाई हो तो अवैध शराब के कारोबार पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।
प्रदेश सरकार की ओर से देवभूमि को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस और आबकारी विभाग को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। हाल ही में जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस भदौरिया ने आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में भी विभिन्न स्थानों पर चेकिंग बढ़ाने और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद कोटद्वार में अवैध शराब की शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कार्रवाई के नाम पर छोटे स्तर के तस्करों को पकड़कर इतिश्री कर ली जाती है, जबकि बड़े स्तर पर शराब की अवैध सप्लाई और बिक्री करने वालों तक कार्रवाई नहीं पहुंच पाती।
स्थानीय लोगों ने आबकारी और पुलिस विभाग से चेक पोस्टों की चेकिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित अभियान चलाने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अवैध शराब के कारोबार पर कितनी प्रभावी कार्रवाई करते हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







