48 घंटे में आदित्य राणा हत्याकांड का खुलासा, तीन नामजद आरोपी हिरासत में, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, भगवानपुर। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने आदित्य उर्फ आदि राणा हत्याकांड का 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में नामजद तीन आरोपितों को इमली रोड टोल प्लाजा के पास से घेराबंदी कर हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का देशी तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के मुताबिक बीते 1 अक्टूबर को भगवानपुर निवासी सागर पुत्र रविन्द्र राणा ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर अपने भाई आदित्य उर्फ आदि राणा की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर में अनिल शर्मा, राहुल शर्मा और रोहित शर्मा उर्फ लक्की निवासी प्रताप कॉलोनी भगवानपुर पर आदित्य को घर बुलाकर देशी तमंचे से फायर कर हत्या करने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के शीघ्र अनावरण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर रितेश साह ने चार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया।

विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक और आरोपितों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, विवाद के निस्तारण के उद्देश्य से आरोपितों ने आदित्य को अपने घर बुलाया था, जहां तीनों ने एक राय होकर कथित रूप से घटना को अंजाम दिया।

पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की तलाश तेज की।

पुलिस के मुताबिक, 3 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपितों को इमली रोड टोल प्लाजा के पास से घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पुलिस ने आरोपितों द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद करने की भी जानकारी दी है।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पकड़े गए आरोपितों ने अपना नाम अनिल शर्मा, राहुल शर्मा और रोहित शर्मा उर्फ लक्की निवासी प्रताप कॉलोनी भगवानपुर बताया है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक मुकेश दत्त नौटियाल, बलराम जोशी, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान, हेड कांस्टेबल विपिन शर्मा, प्रवीण कुमार और कांस्टेबल सुशील तोमर शामिल रहे।

You cannot copy content of this page