कुंभ कार्यों को लेकर कनखल की रविदास बस्ती के पार्षद का फूटा गुस्सा, फुटपाथ निर्माण की गुणवत्ता पर उठाए सवाल, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कुंभ मेले को लेकर अलग-अलग क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। मेला प्रशासन के दिशा-निर्देशन में सड़क, फुटपाथ, रेलिंग समेत अन्य निर्माण कार्य चल रहे हैं। हालांकि, इन कार्यों को लेकर कहीं सराहना हो रही है तो कहीं स्थानीय जनप्रतिनिधि निर्माण की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। कनखल स्थित रविदास बस्ती वार्ड के भाजपा पार्षद भूपेंद्र कुमार ने अपने क्षेत्र में चल रहे कुंभ कार्यों को लेकर नाराजगी जताते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

पार्षद भूपेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि नगर बंगाली अस्पताल के बाहर लोगों की सुविधा के लिए पहले रेलिंग का निर्माण कराया गया था। इसका उद्देश्य शाम के समय वॉक करने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना था। उनका कहना है कि अब कुंभ कार्यों के तहत नए निर्माण के लिए पहुंचे ठेकेदार द्वारा पुरानी रेलिंग को उखाड़ दिया गया है।

पार्षद ने कहा कि यदि पहले से किए गए विकास कार्य को हटाया जा रहा है तो उसकी जगह नई व्यवस्था किस तरह और किस गुणवत्ता के साथ तैयार की जाएगी, इसकी स्पष्ट जानकारी स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों को होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर मेला प्रशासन की ओर से किसी जिम्मेदार अधिकारी की मौजूदगी नहीं है, जिसके चलते निर्माण कार्यों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

भूपेंद्र कुमार ने कहा कि कुंभ मेले के नाम पर करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ऐसे में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके पर निरीक्षण करने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की।

पार्षद ने कहा कि विकास कार्य जनता की सुविधा के लिए होने चाहिए और स्थानीय लोगों को निर्माण के दौरान होने वाली परेशानियों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की मांग की है।

अब देखना होगा कि मेला प्रशासन पार्षद द्वारा उठाए गए सवालों पर क्या कदम उठाता है और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर किस तरह की जांच या निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है।

You cannot copy content of this page