UKSSSC परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, कोटद्वार के साइबर कैफे और फोटोस्टेट दुकानें रहेंगी बंद, केंद्रों पर मोबाइल ले जाने पर रोक
खबर डोज, कोटद्वार। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की आगामी परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है तथा कई महत्वपूर्ण प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि परीक्षा के दिन क्षेत्र में संचालित सभी साइबर कैफे, जनसेवा केंद्र (CSC) तथा फोटोस्टेट की दुकानें निर्धारित समय तक बंद रहेंगी। यह निर्णय परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या प्रश्नपत्र लीक जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से लिया गया है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों में तैनात किसी भी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य स्टाफ को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी को निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा।
पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों से भी समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र और आवश्यक पहचान पत्र साथ रखने तथा परीक्षा संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें




UKSSSC परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, कोटद्वार के साइबर कैफे और फोटोस्टेट दुकानें रहेंगी बंद, केंद्रों पर मोबाइल ले जाने पर रोक 


