कैंचीधाम मेले से पहले बवाल: दो सिपाहियों पर छेड़खानी का आरोप, स्थानीय लोगों ने की पिटाई, चौकी का घेराव

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम में 15 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस मेले से ठीक पहले एक बड़ा विवाद सामने आया है। मेले की ड्यूटी में तैनात दो पुलिस सिपाहियों पर एक होमस्टे संचालक की बेटी से कथित छेड़खानी का आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, कैंचीधाम मंदिर के समीप स्थित एक होमस्टे संचालक की बेटी ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर अभद्र व्यवहार और छेड़खानी का आरोप लगाया। आरोपों की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए। बताया जा रहा है कि गुस्साए लोगों ने दोनों सिपाहियों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद उन्हें पुलिस चौकी तक ले जाया गया, जहां लोगों ने आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी का घेराव करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि यदि पुलिसकर्मी ही इस तरह के कृत्यों में शामिल होंगे तो श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।

इस दौरान लोगों ने मेले की तैयारियों को लेकर पुलिस द्वारा लागू की गई यातायात व्यवस्थाओं पर भी नाराजगी जताई। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों का आरोप है कि स्थापना दिवस से तीन दिन पहले ही कैंचीधाम क्षेत्र और नैनीताल जिले की सीमाओं पर व्यापक बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी गई है, जिससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय कारोबारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि क्षेत्र में कर्फ्यू जैसे हालात बना दिए गए हैं और ऐसी व्यवस्था पहले कभी नहीं की गई।

कैंचीधाम में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु स्थापना दिवस के अवसर पर पहुंचते हैं। ऐसे में मेले से ठीक पहले सामने आए इस विवाद ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तनाव का माहौल देखने को मिला।

उधर, नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। एसएसपी ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। स्थापना दिवस मेले से पहले हुई इस घटना ने कैंचीधाम क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।

You cannot copy content of this page