कांवड़ यात्रा का सकुशल एवं सफल आयोजन, प्रशासन की व्यवस्थाओं की हुई सराहना

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। इस वर्ष की पवित्र कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न होने पर हरिद्वार के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित समस्त प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को बधाई एवं धन्यवाद दिया गया है। कांवड़ यात्रा के दौरान करोड़ों की संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंचे और हरकी पैड़ी सहित विभिन्न घाटों से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्यों की ओर रवाना हुए।

इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की गई है। सामाजिक कार्यकर्ता सुनील अरोड़ा ने कहा कि कांवड़ मेले जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है, लेकिन विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के चलते यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं के बीच प्रशासन ने बेहतर संतुलन स्थापित करने का प्रयास किया। यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाई।

सुनील अरोड़ा ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, यातायात पुलिस, सफाई कर्मियों और कांवड़ मेले से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिन-रात ड्यूटी में जुटे कर्मचारियों की मेहनत के कारण लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिली।

उन्होंने यह भी कहा कि कांवड़ यात्रा की सफलता केवल प्रशासन की उपलब्धि नहीं है, बल्कि इसमें हरिद्वार की जनता, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने मिलकर श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और सहयोग की भावना रखते हुए हरिद्वार की ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा को कायम रखा।

सुनील अरोड़ा ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इतने बड़े आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने हरिद्वार की जनता की ओर से जिलाधिकारी, एसएसपी तथा पूरी प्रशासनिक एवं पुलिस टीम को हार्दिक बधाई, साधुवाद एवं धन्यवाद दिया।

You cannot copy content of this page