2036 ओलंपिक की मेजबानी और भारत को खेल महाशक्ति बनाने के संकल्प के साथ खेल मंत्री रेखा आर्य ने हरकी पैड़ी से उठाई कांवड़, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। 2036 में भारत को ओलंपिक खेलों की मेजबानी का अवसर मिले और देश खेलों के क्षेत्र में विश्व की खेल महाशक्ति के रूप में स्थापित हो, इन दो संकल्पों के साथ उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने सोमवार सुबह हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा शुरू की। गंगाजल लेकर खेल मंत्री करीब 22 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर पहुंचेंगी, जहां भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया जाएगा।
कांवड़ यात्रा शुरू करने से पहले रेखा आर्य ने हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने गंगाजल से कांवड़ भरी और भगवान भोलेनाथ के जयघोष के बीच पैदल यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज, महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी महाराज, महेश पुरी महाराज सहित कई साधु-संत मौजूद रहे।

कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी भी शामिल हुए। सुबह-सवेरे हरकी पैड़ी से शुरू हुई यात्रा के दौरान भोलेनाथ के भक्ति गीतों और जयघोष से माहौल शिवमय नजर आया। खेल मंत्री के पति भी इस संकल्प यात्रा में उनके साथ पैदल चल रहे हैं।

दो बड़े संकल्प लेकर निकलीं रेखा आर्य
खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि इस कांवड़ यात्रा के पीछे उनके दो महत्वपूर्ण संकल्प हैं। पहला संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की सफल मेजबानी भारत को मिले और देश में इसका भव्य एवं सफल आयोजन हो। दूसरा संकल्प भारत को खेलों के क्षेत्र में विश्व की खेल महाशक्ति के रूप में स्थापित करने का है।

उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से उनके दोनों संकल्प अवश्य पूरे होंगे। उन्होंने युवाओं को खेलों से जोड़ने और देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
संतों ने सराहा संकल्प
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने खेल मंत्री के संकल्प और भगवान शिव के प्रति उनकी आस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाना भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने भगवान शिव से कामना की कि रेखा आर्य के दोनों संकल्प पूर्ण हों और भारत खेल जगत में नई ऊंचाइयों को हासिल करे।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का संदेश भी देती है।
पिछले साल भी की थी पैदल कांवड़ यात्रा
खेल मंत्री रेखा आर्य इससे पहले भी पैदल कांवड़ यात्रा कर चुकी हैं। पिछले वर्ष उन्होंने हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर करीब 22 किलोमीटर की पैदल यात्रा की थी और ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया था। उस समय उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संकल्प लिया था।
इस बार उन्होंने 2036 ओलंपिक की मेजबानी भारत को मिलने और देश को खेल महाशक्ति बनाने का संकल्प लिया है। हरकी पैड़ी से शुरू हुई यह कांवड़ यात्रा ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के रुद्राभिषेक के साथ पूरी होगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







