हरिद्वार में अतिक्रमण के खिलाफ चला प्रशासन का पीला पंजा, रेलवे भूमि से हटाई गईं 45 झुग्गी-झोपड़ियां

खबर डोज, हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत मंगलवार को टीबड़ी रेलवे अंडर ब्रिज (आंबेडकर चौक) के पास रेलवे भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में रेलवे प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 40 से 45 अवैध झुग्गी-झोपड़ियों को हटाया।

जानकारी के अनुसार रेलवे प्रशासन ने अपनी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से सहयोग मांगा था। इसके बाद संयुक्त अभियान चलाते हुए बुलडोजर और अन्य संसाधनों की मदद से अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप सरकारी भूमि, सड़क किनारे, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संचालित चारधाम यात्रा, आगामी कांवड़ मेला और भविष्य में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से भी यह कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन का मानना है कि सार्वजनिक स्थलों और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और बड़े आयोजनों के दौरान व्यवस्थाएं संचालित करने में कठिनाई आती है। इसी को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई के दौरान सीओ सदर एसपी बलूनी, रेलवे डिवीजन इंजीनियर अनूप कुमार, रेलवे सेक्शन इंजीनियर पंकज शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल गुप्ता, पटवारी रविकांत सहित रेलवे, प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







