सीएम पुष्कर धामी के सख्त निर्देश: प्रदेशभर में अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को राज्यभर के अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों, बड़े मॉल, होटलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन संस्थानों में अग्निशमन संबंधी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं, उन्हें तत्काल चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि ऑडिट के दौरान फायर सेफ्टी उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों की उपलब्धता, विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा आपदा की स्थिति में लोगों की सुरक्षित और त्वरित निकासी की तैयारियों का विशेष रूप से परीक्षण किया जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती आबादी और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा मानकों का पालन बेहद आवश्यक है। किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि फायर सेफ्टी ऑडिट केवल औपचारिकता न रह जाए, बल्कि इसके आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने अग्निशमन विभाग, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा के भीतर ऑडिट प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।

बैठक में बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत बिंद्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव गृह शैलेश बगौली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिव विनय शंकर पांडेय, डीजी अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी और अपर सचिव तृप्ति भट्ट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page