ऑपरेशन प्रहार: पिल्ला गैंग फिर गिरफ्तार, दो नकबजनी की वारदातों का खुलासा, लाखों का सामान बरामद, देखिए वीडियो

खबर डोज, कोटद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोटद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हरसिंहपुर बालासौड़ और जल निगम कॉलोनी में हुई दो अलग-अलग नकबजनी की घटनाओं का खुलासा करते हुए कुख्यात “पिल्ला गैंग” के पांच सदस्यों समेत दो विधि-विवादित किशोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत का चोरी गया सामान भी बरामद किया है।
ऐसे हुई थी चोरी की घटनाएं
कोटद्वार के हरसिंहपुर बालासौड़ निवासी प्रदीप कुकरेती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह 3 जून 2026 से घर से बाहर थे। वापस लौटने पर घर के दरवाजे खुले मिले और अंदर रखा घरेलू सामान चोरी हो चुका था। इस संबंध में कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं जल निगम कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में भी अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। अधिशासी अभियंता अजय बेलवाल की तहरीर पर दूसरा मुकदमा दर्ज किया गया।
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच
घटनाओं के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। एक टीम को सीसीटीवी फुटेज खंगालने और दूसरी टीम को सर्विलांस पर लगाया गया। पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया, जिसमें कुछ संदिग्ध युवकों की गतिविधियां सामने आईं।
मुखबिर की सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई पतारसी-सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रमिन्द्र उर्फ पप्पी (19 वर्ष) निवासी कोड़िया, कोटद्वार, अमन कुमार (20 वर्ष) निवासी सूर्य नगर, कोटद्वार, सुरेन्द्र उर्फ सनम (21 वर्ष) निवासी सजवान कॉलोनी, कोटद्वार तथा तस्लीम अहमद उर्फ काला (50 वर्ष) निवासी जाफ्तागंज, नजीबाबाद, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने मामले में संलिप्त दो विधि-विवादित किशोरों को भी संरक्षण में लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस महत्वपूर्ण खुलासे में निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में गठित टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन, उपनिरीक्षक वेद प्रकाश, चौकी प्रभारी बाजार विनोद चपराना, हेड कांस्टेबल करण कुमार, कांस्टेबल कुलदीप कुमार, आशीष बिष्ट, चन्द्रपाल तथा होमगार्ड कुलदीप शामिल रहे।
कोटद्वार पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय चोरी और नकबजनी करने वाले गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







