श्यामपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: जाली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार, लैपटॉप-प्रिंटर समेत 50 हजार के नकली नोट बरामद

खबर डोज, हरिद्वार। देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहे जाली नोट गिरोह पर हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार के निर्देशन में कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले लैपटॉप, दो प्रिंटर, मोबाइल फोन और बड़ी मात्रा में नकली नोट बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को ₹52,500 के नकली नोटों के साथ तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले की गहन विवेचना की गई। पूछताछ में मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में 29 जून को सूचना मिली कि कुछ आरोपी क्विड कार (UK-08BG-6798) में नकली नोट छापने के उपकरण और जाली नोटों को ठिकाने लगाने के लिए बिजनौर की ओर जा रहे हैं।

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए लालढांग तिराहे के पास पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने देवेन्द्र कुमार, गुलजार अहमद और शगुन जोशी को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से नकली नोट छापने में प्रयुक्त एक लैपटॉप, एचपी और कैनन कंपनी के दो प्रिंटर, पांच मोबाइल फोन, ₹500 के चार असली नोट तथा 25 पेपर शीट बरामद हुईं, जिन पर करीब ₹50 हजार के नकली नोट छपे हुए थे और जिनकी कटिंग अभी बाकी थी।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गुलजार ऑनलाइन विशेष प्रकार का पेपर मंगाता था, जबकि शगुन असली नोट की फोटो लेकर सॉफ्टवेयर और एप की मदद से उसकी गुणवत्ता बढ़ाकर प्रिंट तैयार करता था। वहीं देवेन्द्र ने खुलासा किया कि इससे पहले वह और गुलजार बिजनौर के बड़ापुर क्षेत्र में करीब एक लाख रुपये के नकली नोट छाप चुके थे, जिनमें से लगभग ₹60 हजार के नकली नोट बाजार में चला दिए गए थे। अधिक मुनाफे के लालच में उन्होंने अपने नेटवर्क का विस्तार किया और अन्य साथियों को भी गिरोह में शामिल कर लिया।
पुलिस का कहना है कि चारों आरोपी मिलकर सुनियोजित तरीके से नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में खपाने का काम कर रहे थे, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया जा रहा था। हरिद्वार पुलिस ने इस कार्रवाई को गिरोह की जड़ पर प्रहार बताते हुए कहा कि मामले में आगे भी जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई को प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक एवं प्रभारी निरीक्षक श्यामपुर सुश्री अवनी तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







