कोटद्वार के बाद हरिद्वार में भी विवादों में आई महिला पीआरडी जवान, रोडवेज बस चालक ने डंडा मारने समेत लगाए अन्य गंभीर आरोप, वीडियो हुआ वायरल

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। कोटद्वार में ई-रिक्शा चालक से अभद्र व्यवहार के आरोपों के चलते चर्चा में आई महिला पीआरडी जवान एक बार फिर विवादों में घिर गई है। इस बार मामला हरिद्वार के व्यस्त चंडीघाट चौक का है, जहां यूपी रोडवेज के एक बस चालक ने महिला पीआरडी जवान पर अभद्रता करने, डंडा मारने और निजी वाहनों से पैसे लेकर सवारियां बैठाने देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में बस चालक महिला पीआरडी जवान पर आरोप लगाते हुए कह रहा है कि चंडीघाट चौक पर बस रोककर सवारियां बैठाने के दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। चालक का दावा है कि विरोध करने पर महिला जवान ने उसके साथ बदसलूकी की और डंडा भी मारा। साथ ही उसने आरोप लगाया कि रोडवेज बसों के साथ सख्ती बरती जा रही है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो स्वयं बस चालक की ओर से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया गया है, जिसके बाद यह तेजी से विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच भी इस मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी यही महिला पीआरडी जवान कोटद्वार में एक ई-रिक्शा चालक के साथ कथित अभद्रता के आरोपों को लेकर सुर्खियों में रही थी। अब हरिद्वार में सामने आए नए आरोपों ने एक बार फिर उसकी कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभाग की ओर से भी समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। यदि मामले की जांच होती है तो उसके बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

You cannot copy content of this page