निहंगों के प्रवेश से देहरादून में अलर्ट, देर रात तक मोर्चे पर डटे रहे डीएम-एसएसपी

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, देहरादून। कर्णप्रयाग प्रकरण की गूंज अब राजधानी देहरादून तक पहुंच गई है। गुरुवार देर रात हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब से निकला निहंगों का जत्था पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और रणनीति को चुनौती देते हुए उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश कर गया। जत्थे के राज्य में प्रवेश की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।

हालात की गंभीरता को देखते हुए देहरादून पुलिस ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। प्रेमनगर, शिमला बाईपास, आशारोड़ी समेत शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई, जबकि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।

स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल देर रात तक स्वयं सड़क पर मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सीमावर्ती क्षेत्रों और शहर के भीतर निगरानी बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियों को भी सक्रिय कर संभावित गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चौकस रखा गया है।

You cannot copy content of this page