ओवरलोड वाहनों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, लक्सर में दो जुगाड़ वाहन सीज, बीएचईएल के पास से हाइड्रा से खींच ले गए जुगाड़ वाहन, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन एवं परिवहन विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में लक्सर क्षेत्र में सचल दल (मोबाइल टीम) ने भारी सामग्री से खतरनाक तरीके से लदे दो जुगाड़ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद कर दिया। दोनों वाहन क्षमता से कई गुना अधिक सामान लेकर सड़कों पर दौड़ रहे थे, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार लक्सर के निकट गोवर्धनपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान सचल दल की टीम ने दो ऐसे जुगाड़ वाहनों को रोका जिनमें भारी मात्रा में सामग्री लदी हुई थी। वाहन न केवल ओवरलोड थे, बल्कि बेहद असुरक्षित तरीके से संचालित किए जा रहे थे। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी।

वहीं दूसरी ओर हरिद्वार के बीएचईएल क्षेत्र में भी एक जुगाड़ वाहन ओवरलोडिंग के कारण बीच रास्ते में ही जवाब दे गया। वाहन आगे बढ़ने में असमर्थ हो गया, जिससे सड़क पर यातायात प्रभावित होने लगा। स्थिति को देखते हुए मौके पर हाइड्रा मशीन बुलानी पड़ी, जिसके माध्यम से वाहन को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जुगाड़ वाहन में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक सामान लादा गया था, जिसके चलते वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे नहीं बढ़ पाया। समय रहते कार्रवाई होने से किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सका।

प्रशासन का कहना है कि ओवरलोडिंग और असुरक्षित वाहनों के संचालन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और क्षमता से अधिक भार न ढोने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page