डीएम साहब जगजीतपुर के होटलों और ढाबों में बिना लाइसेंस के चल रहे बार, चैन की नींद सोया आबकारी महकमा, पुलिस भी सवालों के घेरे में

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर में स्थित कई होटलों और ढाबों में बिना वैध बार लाइसेंस के शराब परोसे जाने के आरोप लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन प्रतिष्ठानों में देर रात तक खुलेआम शराब परोसी जाती है, लेकिन आबकारी विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई देखने को नहीं मिली है। इससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, जगजीतपुर क्षेत्र में संचालित कुछ होटल और ढाबे नियमों को दरकिनार कर ग्राहकों को शराब उपलब्ध करा रहे हैं। यदि ऐसा हो रहा है तो यह आबकारी नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना जाएगा। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में मौखिक और लिखित शिकायतें भी दी गईं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल आश्वासन ही मिला।

वर्तमान में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जिले के विभिन्न विभाग अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं। अतिक्रमण, खाद्य सुरक्षा, खनन और अन्य मामलों में प्रशासन की सक्रियता देखने को मिल रही है। ऐसे में आबकारी विभाग की निष्क्रियता लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि विभाग नियमित निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान चलाए तो बिना लाइसेंस शराब परोसने जैसी गतिविधियों पर आसानी से रोक लगाई जा सकती है।

स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में बिना लाइसेंस शराब परोसने की पुष्टि होती है तो संबंधित होटल और ढाबा संचालकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और आबकारी विभाग कब तक कार्रवाई करता है।

You cannot copy content of this page