15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त होंगी हरिद्वार की सभी सड़कें, डीएम मयूर दीक्षित ने लिया जायजा

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद की सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग सहित मंगलौर तक के राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर बने गड्ढों, अतिक्रमण, साफ-सफाई, सड़क किनारे झाड़ियों और निर्माणाधीन फ्लाईओवर की स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करना सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क पर जहां भी गड्ढे हैं, उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों पर विशेष निगरानी रखी जाए और आवश्यकता के अनुसार तत्काल पैचवर्क कराया जाए, ताकि वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी न हो तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण किसी भी प्रकार की दुर्घटना नहीं होनी चाहिए। मरम्मत कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण को लेकर भी सख्ती दिखाई। उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा में किसी भी दशा में अतिक्रमण नहीं होने दिया जाए। सड़क किनारे लगने वाली रेडी-ठेलियों और अन्य अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए संबंधित विभाग लगातार निगरानी करें।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों तथा वनस्पतियों की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को झाड़ियों की कटाई और सड़क किनारे साफ-सफाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झाड़ियों के कारण कई स्थानों पर वाहन चालकों को दृश्यता संबंधी परेशानी होती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने विभिन्न स्थानों पर चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों का पालन करने और कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के शुरू होने से पूर्व आवश्यक फ्लाईओवर और संबंधित सड़क निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएं।

निर्माण कार्यों के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट करने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराने को कहा।

सड़क सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर उचित यातायात प्रबंधन के साथ पर्याप्त संख्या में साइन बोर्ड, चेतावनी संकेतक और आवश्यकता के अनुसार स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं। दुर्घटना संभावित स्थानों का सर्वे कर उनकी सूची तैयार करने और वहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत के साथ सड़क सुरक्षा भी प्रशासन की प्राथमिकता है। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित समय सीमा में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करें। उन्होंने साफ कहा कि सड़क को गड्ढामुक्त करने, अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई, सड़क सुरक्षा और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनपद में आमजन को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सड़क से जुड़े सभी विभाग लगातार धरातल पर कार्य करें और समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक एनएचआई विशाल गोयल, प्रोजेक्ट मैनेजर सुमित कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा, श्रीमती नेहा झा, कृष्ण चंद्र पलड़िया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page