कोटद्वार के व्यापारी को कथित धमकी देने के मामला, चर्चित मोहम्मद दीपक पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप, देखिए वीडियो

-बाईपास सर्जरी करा चुके दुकानदार ने पुलिस को दी तहरीर, सुरक्षा की मांग, भाजपा सहित विभिन्न संगठनों के लोग पहुंचे पीड़ित के पास
खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार में एक दुकानदार ने चर्चित मोहम्मद दीपक पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामला गंगा दत्त जोशी मार्ग का बताया जा रहा है। पीड़ित दुकानदार संजीव टांक ने घटना को लेकर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मोहम्मद दीपक पूर्व में गंगा दत्त जोशी मार्ग क्षेत्र में रहा करता था। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले दुकानदार संजीव टांक ने सोशल मीडिया पर मोहम्मद दीपक की एक पोस्ट पर कमेंट किया था। आरोप है कि इसी कमेंट को लेकर दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
संजीव टांक के मुताबिक गुरुवार सुबह वह अपनी दुकान के बाहर खड़े थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे मोहम्मद दीपक ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद संजीव ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए जांच शुरू कर दी।
संजीव टांक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हाल ही में उनकी बाईपास सर्जरी हुई है। उनका कहना है कि इस घटना के बाद वह काफी डरे हुए हैं और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है। उन्होंने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी पीड़ित दुकानदार से मिलने पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर वार्ता करते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई किए जाने की मांग की।
पुलिस के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े तथ्यों, आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







