बहादराबाद सीएचसी का CMO ने किया निरीक्षण, 65 आशाओं को वितरित की गई BP मशीनें

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार डॉ. आर के सिंह ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादराबाद का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और विभाग की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की।

निरीक्षण के बाद विप्रो एवं जॉली ग्रांट की टीम के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादराबाद क्षेत्र में कार्यरत 65 आशा कार्यकर्ताओं को BP मशीनें वितरित की गईं। BP मशीन मिलने से आशा कार्यकर्ता अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लोगों के रक्तचाप की नियमित जांच कर सकेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च रक्तचाप से संबंधित मामलों की शुरुआती स्तर पर पहचान करने में मदद मिलेगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि BP मशीन उपलब्ध होने से आशा कार्यकर्ता लोगों के रक्तचाप की जांच कर संभावित उच्च रक्तचाप के मामलों को समय रहते चिन्हित कर सकेंगी।

उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति का रक्तचाप सामान्य से अधिक पाया जाता है तो उसे आवश्यक परामर्श देने के साथ स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं उपचार के लिए रेफर किया जा सकेगा। इससे उच्च रक्तचाप के मरीजों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा विप्रो एवं जॉली ग्रांट की टीम के सदस्य मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page