ऋषिकुल आयुर्वेद परिसर में श्रद्धापूर्वक मनाई गई गांधी जयंती और शास्त्री जयंती

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। ऋषिकुल आयुर्वेद परिसर, हरिद्वार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर परिसर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें दोनों महापुरुषों के आदर्शों एवं उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर निदेशक प्रोफेसर डॉ. ओ. पी. सिंह एवं चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर डॉ. अजय गुप्ता द्वारा किया गया। सर्वप्रथम महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात ध्वजारोहण किया गया।

इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. खेमचंद, प्रोफेसर डॉ. रमेश तिवारी सहित समस्त विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं परिसर के कार्मिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सादगी के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के त्याग, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा के आदर्शों को याद किया।

ध्वजारोहण के उपरांत महात्मा गांधी जी के स्वच्छता संबंधी संदेश को व्यवहार में उतारने के उद्देश्य से परिसर में श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें परिसर के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इसके पश्चात परिसर स्थित चिकित्सालय में भर्ती रोगियों का कुशलक्षेम जाना गया तथा उन्हें फल वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से सेवा, करुणा एवं मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान परिसर निदेशक एवं अन्य वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी जी का सत्य एवं अहिंसा का मार्ग तथा लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने गांधी जी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश तथा शास्त्री जी के ‘जय जवान, जय किसान’ के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

समारोह का वातावरण राष्ट्रभक्ति, सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित सभी लोगों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज के प्रति सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।

You cannot copy content of this page