हरिद्वार में बढ़ती शिवभक्तों की भीड़ के बीच प्रशासन की व्यवस्थाओं की जमकर सराहना, यह बोले शिवभक्त

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। विश्व की सबसे बड़ी निरंतर चलने वाली कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। यात्रा के अंतिम दिनों में धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। देश के विभिन्न राज्यों से डाक कांवड़ और सामान्य कांवड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। हर तरफ बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से हरिद्वार शिवमय नजर आ रहा है।

कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष फोकस किया गया है। खासतौर पर डाक कांवड़ वाहनों के लिए बनाए गए पार्किंग स्थलों में श्रद्धालुओं को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं।

हरियाणा से डाक कांवड़ लेकर पहुंचे शिवभक्त राजेश ने बैरागी कैंप की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां करीब पांच से छह हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थल पर जगह-जगह रोशनी, भोजन, पेयजल और शौचालय की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इस बार पार्किंग व्यवस्था काफी बेहतर है और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने बेहतर व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

राजस्थान से डाक कांवड़ लेने पहुंचे इन्द्रेश कुमार बंसल ने कहा कि इस बार उत्तराखंड सरकार की ओर से कांवड़ यात्रियों के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने पार्किंग में अच्छी व्यवस्था की है, जिसके लिए उन्होंने प्रशासन का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

पंजाब के संगरूर से डाक कांवड़ यात्रा पर पहुंचे सुरेंद्रलाल ने कहा कि इस बार व्यवस्थाएं पहले की अपेक्षा काफी बेहतर नजर आ रही हैं। पार्किंग स्थलों पर रोशनी, पेयजल और जगह-जगह मेडिकल शिविर लगाए गए हैं। साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहतर है। उन्होंने इसके लिए उत्तराखंड सरकार का आभार जताया।

वहीं हरियाणा के पलवल से आए शिवभक्त हरेंद्र ने कहा कि इस बार कांवड़ियों के लिए व्यवस्थाएं पहले से काफी अच्छी हैं। शौचालय साफ-सुथरे हैं और पेयजल की भी अच्छी व्यवस्था है। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुविधाओं का इस बार विशेष ध्यान रखा गया है।

कांवड़ यात्रियों का कहना है कि यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और पेयजल की सुविधाओं में सुधार दिखाई दे रहा है। श्रद्धालुओं ने बेहतर प्रबंधन और सेवाभाव के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ-साथ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

श्रद्धालुओं के मुताबिक, जिस तरह से प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यवस्थाओं को संभाला जा रहा है, उससे कांवड़ यात्रा का अनुभव और भी सुखद एवं यादगार बन रहा है। हरिद्वार में उमड़ा आस्था का यह सैलाब अब अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है और धर्मनगरी पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंगी हुई नजर आ रही है।

You cannot copy content of this page