नशे के खिलाफ टिहरी पुलिस का जीरो टॉलरेंस, एसएसपी श्वेता चौबे ने थाना प्रभारियों को लगाई फटकार

ख़बर शेयर करें -

एनडीपीएस मामलों की समीक्षा में खराब प्रदर्शन पर सख्त हुईं कप्तान, लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण और नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में नशे के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई और तेज करने का निर्णय लिया है। मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि नशे से जुड़े मामलों की विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी श्वेता चौबे ने जनपदीय एएनटीएफ और सभी थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। इस दौरान प्रत्येक थाने में दर्ज एनडीपीएस अभियोगों, विवेचनाओं की स्थिति, वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी, आरोप पत्र दाखिल करने, जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में PIT-NDPS Act के तहत की गई एवं प्रस्तावित निरोधात्मक कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और नशा तस्करों की संपत्ति जब्ती की प्रगति पर भी चर्चा हुई। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि आदतन और पेशेवर नशा तस्करों के खिलाफ PIT-NDPS Act के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर तैयार कर शीघ्र भेजे जाएं। इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार गैंगस्टर एक्ट और संपत्ति जब्ती सहित अन्य कानूनी प्रावधानों का भी प्रभावी इस्तेमाल किया जाए, ताकि तस्करों के आपराधिक नेटवर्क और आर्थिक स्रोतों पर प्रहार किया जा सके।

जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई

एसएसपी ने थाना प्रभारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से नशे की तस्करी अथवा बिक्री को लेकर मिलने वाली शिकायतों और सूचनाओं को गंभीरता से लिया जाए। ऐसी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित आरोपियों के खिलाफ NDPS Act, PIT-NDPS Act, गैंगस्टर एक्ट और अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण पर भी जोर

बैठक में पुलिस द्वारा जब्त किए गए मादक पदार्थों के मामलों में केस प्रॉपर्टी के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने निर्देश दिए कि न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार जब्त माल के निस्तारण की कार्रवाई जल्द सुनिश्चित की जाए, ताकि ऐसे मामले अनावश्यक रूप से लंबित न रहें।

इसके अलावा थाना क्षेत्रों में नशे की बिक्री और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने, सूचना तंत्र को मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस को युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने को भी कहा गया।

एसएसपी श्वेता चौबे ने स्पष्ट किया कि टिहरी गढ़वाल में नशे के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

You cannot copy content of this page