कांवड़ यात्रा में स्वास्थ्य सेवाएं बनीं संबल: तीसरे दिन 11,508 शिवभक्तों का हुआ निशुल्क उपचार, अब तक 19,066 श्रद्धालुओं को मिली चिकित्सा सुविधा

खबर डोज, हरिद्वार। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान लाखों शिवभक्तों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से शिवभक्तों को तत्काल और निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यात्रा के तीसरे दिन 11,508 श्रद्धालुओं का निशुल्क उपचार किया गया, जबकि अब तक कुल 19,066 शिवभक्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग पर कुल 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मी 24 घंटे तैनात हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या चोट लगने की स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा में पहली बार चार मेडिकल मोबाइल यूनिट भी शामिल की गई हैं। ये मोबाइल यूनिट यात्रा मार्ग पर लगातार भ्रमण कर जरूरतमंद श्रद्धालुओं तक मौके पर ही चिकित्सा सुविधा पहुंचा रही हैं। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में काफी मदद मिल रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी शिविरों में पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, एम्बुलेंस तथा प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित की है। विभाग का उद्देश्य है कि किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल राहत मिल सके और यात्रा निर्बाध रूप से जारी रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, समय-समय पर विश्राम करें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार अवश्य लें।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कांवड़ यात्रा के समापन तक सभी स्वास्थ्य शिविर पूरी क्षमता के साथ संचालित रहेंगे, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







