हैप्पी हत्याकांड का एक और मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त तमंचा और शर्ट बरामद, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

-10 हजार रुपये का इनाम घोषित होने के बाद पुलिस ने छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास दबोचा, दो साथियों के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप

खबर डोज, हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में 14 सितंबर को हुए हैप्पी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और खूनालूदा शर्ट बरामद की है। मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों की दबिश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा, शान्तरशाह के पास 28 वर्षीय हैप्पी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के संबंध में मृतक के भाई कपिल निवासी शान्तरशाह की तहरीर पर कोतवाली बहादराबाद में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्याकांड के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम लगातार घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुटी थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड का आरोपी इस्तकार थाना फतेहपुर क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ थाना फतेहपुर, जनपद सहारनपुर क्षेत्र में स्थित छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास पहुंचे और घेराबंदी कर आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और खूनालूदा शर्ट बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते हैप्पी की हत्या की थी।

2022 के मामले में मुखबिरी का था शक

पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक को शक था कि वर्ष 2022 के एक मामले में हैप्पी ने पुलिस को उसके संबंध में मुखबिरी की थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने यह भी बताया कि हैप्पी द्वारा उसे लगातार पुलिस से पकड़वाने की धमकी दी जा रही थी और पैसों की मांग की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार इसी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने हत्या की योजना बनाई। 12 सितंबर को आरोपियों द्वारा घटनास्थल की रेकी की गई और 14 सितंबर को हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

10 हजार का इनाम घोषित किया था

पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार दबिश और सुरागरसी के बाद पुलिस टीम ने उसे सहारनपुर के छुटमलपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

बरामदगी

  • .315 बोर का एक तमंचा
  • .315 बोर का एक खोखा कारतूस
  • एक खूनालूदा शर्ट

गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्तकार उर्फ इस्तयाक पुत्र वहीद, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम शान्तरशाह, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल, उपनिरीक्षक विकास रावत प्रभारी चौकी बाजार, उपनिरीक्षक अजय कुमार प्रभारी चौकी शान्तरशाह, उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, हेड कांस्टेबल राजवर्धन, कांस्टेबल विकास थापा और कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी शामिल रहे।

You cannot copy content of this page