ट्रेवल एजेंसी की लापरवाही पर भावना ने समझी पर्यटकों की भावना, शिकायत पर श्रीनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, देखिए वीडियो

खबर डोज, श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा पर निकले पर्यटकों के साथ अभद्रता और मारपीट के मामले में पौड़ी पुलिस एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के दिशा निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि उनकी पूरी अग्रिम धनराशि भी वापस दिलाकर राहत पहुंचाई। पुलिस की इस संवेदनशील कार्यशैली की पर्यटकों ने सराहना की है।
जानकारी के अनुसार, 02 मई 2026 को रात्रि लगभग 11 बजे अनुराग पटेल निवासी दिल्ली ने श्रीनगर पुलिस को सूचना दी कि उनका 19 सदस्यीय समूह चारधाम यात्रा पर है। उन्होंने “योर ट्रिपमेट” नामक ऑनलाइन ट्रेवल एजेंसी के माध्यम से एक ट्रैवलर वाहन बुक किया था, जिसके लिए ₹1,14,000 की अग्रिम राशि का भुगतान किया गया था। समूह के सदस्य अलग-अलग स्थानों से थे, जबकि वाहन चालक और गाइड दिल्ली के निवासी बताए गए।
आरोप है कि यात्रा के दौरान गाइड द्वारा लगातार पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा था। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब श्रीनगर क्षेत्र में ज्योति ढाबा के समीप भोजन के लिए रुकने के दौरान गाइड ने पर्यटकों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। इससे घबराए पर्यटकों ने तुरंत पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
सूचना मिलते ही श्रीनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और प्राथमिकता के आधार पर सभी पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की। पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित ट्रेवल एजेंसी से संपर्क साधा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। तत्पश्चात प्रभावी समन्वय के जरिए पर्यटकों की पूरी अग्रिम धनराशि वापस दिलवाई गई, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली।
रात्रि का समय होने के चलते पुलिस द्वारा पर्यटकों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी कराई गई। हालांकि, पर्यटकों ने अपनी यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई, जिस पर पुलिस ने उन्हें आवश्यक सुरक्षा आश्वासन के साथ आगे के लिए रवाना किया।
इस मामले में गाइड अनमोल, निवासी दिल्ली, द्वारा पर्यटकों के साथ अभद्रता और मारपीट करने पर उसके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और उसे वापस दिल्ली भेज दिया गया। पौड़ी पुलिस की इस त्वरित, संवेदनशील और जिम्मेदार कार्रवाई से प्रभावित होकर सभी पर्यटकों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
पौड़ी पुलिस ने सभी पर्यटकों और यात्रियों से अपील की है कि किसी भी ट्रेवल एजेंसी के माध्यम से यात्रा बुक करने से पहले उसकी प्रमाणिकता, पंजीकरण और शर्तों की भली-भांति जांच अवश्य करें। साथ ही भुगतान से संबंधित सभी दस्तावेज और साक्ष्य सुरक्षित रखें, ताकि किसी भी प्रकार की ठगी या असुविधा से बचा जा सके।
इस पूरे मामले में एसआई भावना भट्ट, हेड कांस्टेबल महेंद्र रावत, हेड कांस्टेबल हरीश लिंगवाल और हेड कांस्टेबल विनीत पंवार की भूमिका सराहनीय रही, जिनकी तत्परता से पर्यटकों को समय पर राहत मिल सकी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







