नो एंट्री तोड़ने पर मसूरी माल रोड बना अखाड़ा, पर्यटकों और स्थानीयों में जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

खबर डोज, मसूरी। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी की माल रोड पर रविवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ‘नो एंट्री’ नियम तोड़ने को लेकर दिल्ली से आए एक पर्यटक दंपती और स्थानीय लोगों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर ही जमकर मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला चप्पलों, लात-घूंसों और गाली-गलौच तक पहुंच गया, जिससे माल रोड का बैरियर क्षेत्र कुछ देर के लिए अखाड़े में तब्दील हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पर्यटक दंपती अपनी कार को नो एंट्री क्षेत्र में ले जाने की जिद पर अड़े हुए थे। बैरियर पर तैनात लोगों और स्थानीय नागरिकों ने जब उन्हें नियमों का हवाला देते हुए रोकने की कोशिश की, तो पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब दोनों पक्षों के बीच महिलाएं भी भिड़ गईं और हाथापाई शुरू हो गई।
इस दौरान बैरियर पर खड़ी कार के कारण लंबा जाम लग गया, जिससे माल रोड पर आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। कई लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद थमता नजर नहीं आया।
सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने संबंधित लोगों को कोतवाली ले जाकर पूछताछ शुरू की। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच समझौते और मुकदमा दर्ज करने को लेकर हंगामा चलता रहा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में नियम उल्लंघन, सार्वजनिक उपद्रव (पब्लिक न्यूसेन्स) और कानून-व्यवस्था भंग करने जैसी धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिन्हें साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल किया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर पर्यटन सीजन के दौरान मसूरी में बढ़ती अव्यवस्था और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल सीजन के दौरान बाहरी पर्यटकों द्वारा नियमों की अनदेखी और पुलिस व्यवस्था की कमी के चलते इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।
वहीं पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि नो एंट्री और अन्य ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पर्यटकों से भी अपील की गई है कि वे स्थानीय नियमों का पालन करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि मसूरी की छवि खराब न हो।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







