पौड़ी जिले में एलआईयू का जलवा बरकरार, ऑपरेशन प्रहार के तहत बांग्लादेशी सत्यसाधू गिरफ्तार, फर्जी आधार से छुपाई पहचान

खबर डोज, पौड़ी। उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पौड़ी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान के दौरान लक्ष्मणझूला क्षेत्र से एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया, जो फर्जी पहचान के साथ भारत में अवैध रूप से रह रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के नेतृत्व में जनपदभर में अवैध रूप से निवास कर रहे व्यक्तियों, फर्जी दस्तावेज धारकों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अप्रैल 2026 को कोतवाली लक्ष्मणझूला पुलिस और अभिसूचना इकाई की संयुक्त टीम द्वारा रामझूला क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। प्रारंभिक जानकारी संदिग्ध और विरोधाभासी मिलने पर जब उससे गहन पूछताछ की गई तो उसने अपना असली नाम सनीउर रहमान उर्फ सत्यसाधू (39 वर्ष) निवासी फरीदपुर, बांग्लादेश बताया। जांच में सामने आया कि वह वर्ष 2016 से बिना वैध वीजा के भारत में अवैध रूप से रह रहा था।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपनी पहचान छुपाने के लिए “सत्यनिष्ठ आर्य” नाम से भारतीय आधार कार्ड बनवा रखा था। उसके कब्जे से एक बांग्लादेशी पासपोर्ट (जिसकी वैधता 2018 में समाप्त हो चुकी थी), फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन और टैबलेट बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हाल ही में लक्ष्मणझूला घूमने आया था, जबकि इससे पहले वह पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गाजियाबाद सहित विभिन्न स्थानों पर रह चुका है। पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में लंबे समय से अवैध रूप से निवास करना गंभीर अपराध है।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली लक्ष्मणझूला में मु0अ0सं0-11/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस एवं इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट-2025 की धारा 3/21 में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के नेटवर्क, उसके संपर्कों और भारत में उसके ठिकानों को लेकर जांच एजेंसियों द्वारा गहन पड़ताल की जा रही है। अभियान के तहत आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल, उपनिरीक्षक हेमकांत सेमवाल, आरक्षी शूरवीर सिंह, होमगार्ड सूरजभानू तथा अभिसूचना इकाई के उपनिरीक्षक सौरभ राठी, मुख्य आरक्षी नरेन्द्र कोठियाल और राकेश सिंह की अहम भूमिका रही।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







