महाराष्ट्र की घटना के बाद रुड़की मंडी में बड़ी कार्रवाई, फलों की जांच में कई सैंपल फेल होने की आशंका, गोदाम में मिला संदिग्ध कैमिकल, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, रुड़की। महाराष्ट्र में फलों के सेवन से हुई संदिग्ध मौतों के बाद उत्तराखंड में खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। इसी कड़ी में रुड़की की कृषि मंडी में सोमवार सुबह एफडीए (Food Safety Department) की टीम ने औचक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया।

खाद्य उपायुक्त गढ़वाल आर.एस. रावत के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मंडी में बिक रहे तरबूज, खरबूजा, पपीता और केले की गुणवत्ता की गहन जांच की। इस दौरान टीम ने कई फलों के सैंपल लेकर उन्हें प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में कुछ फलों की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई है, जिससे मिलावट की आशंका जताई जा रही है।

छापेमारी के दौरान टीम को एक गोदाम से संदिग्ध केमिकल भी बरामद हुआ। अधिकारियों के मुताबिक इस केमिकल का इस्तेमाल फलों को कृत्रिम तरीके से जल्दी पकाने के लिए किया जा रहा था, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।

जांच में यह भी सामने आया कि मंडी में कुछ व्यापारी बिना वैध लाइसेंस के फलों को कृत्रिम तरीके से पकाने का काम कर रहे थे। ऐसे व्यापारियों को विभाग ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे बाजार से फल खरीदते समय सावधानी बरतें। असामान्य रूप से ज्यादा चमकदार या जल्दी पके हुए दिखने वाले फलों से बचें और गुणवत्ता को परखकर ही खरीदारी करें।

विभाग का कहना है कि मिलावटखोरी और अनियमितताओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

You cannot copy content of this page