सतपुली में युवक की आत्महत्या: SSP पौड़ी ने दिए निष्पक्ष जांच के आदेश, थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। सतपुली क्षेत्र में युवक की आत्महत्या के संवेदनशील मामले को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी ने गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए अहम फैसले लिए हैं। मामले की जांच पूरी होने तक थानाध्यक्ष सतपुली को अग्रिम आदेशों तक लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि जांच की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार को सौंपी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 मई 2026 की सुबह डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि रायपुर गांव स्थित पुल पर एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ और फायर कर्मियों की मदद से शव को नीचे उतारा गया। मौके पर मौजूद एफएसएल टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए के राजकीय चिकित्सालय भेज दिया, जहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया जा रहा है। मृतक की पहचान पंकज कुमार (उम्र लगभग 20 वर्ष), निवासी रैतपुर, सतपुली के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 1 मई को युवक ने शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाते हुए एक स्थानीय चिकित्सक को टक्कर मार दी थी, जिसमें चिकित्सक घायल हो गए थे और युवक भी गिरकर चोटिल हुआ था। पुलिस द्वारा युवक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसकी मोटरसाइकिल को नियमानुसार सीज कर दिया गया था।

घटना के बाद युवक को उसके परिजनों (माता और चाचा) के सुपुर्द कर दिया गया था। घायल चिकित्सक और युवक के बीच आपसी समझौता होने के चलते दोनों पक्षों ने किसी कानूनी कार्रवाई की इच्छा नहीं जताई थी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए SSP ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं—जिसमें युवक द्वारा लगाए गए आरोप भी शामिल हैं—की गहन और निष्पक्ष जांच की जाएगी। पुलिस द्वारा साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच में पारदर्शिता बरती जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page