कोटद्वार के सीएससी केंद्रों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अनियमितताओं पर नोटिस, एक केंद्र सील करने के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। जिलाधिकारी के निर्देश पर जन सुविधा केंद्रों (सीएससी) में पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने शुक्रवार को क्षेत्र के विभिन्न सीएससी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर संचालकों को नोटिस जारी किए गए, जबकि एक केंद्र के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर निर्धारित शुल्क सूची (रेट लिस्ट) प्रदर्शित नहीं मिली। इसके अलावा प्रमाण पत्रों से संबंधित पंजिका भी कई स्थानों पर अनुपलब्ध पाई गई। एक केंद्र पर लाइसेंस किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर होने के बावजूद संचालन किसी दूसरे व्यक्ति द्वारा किया जा रहा था। इस पर उपजिलाधिकारी ने संबंधित संचालक को निर्धारित समयावधि के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जांच के दौरान कुछ केंद्रों पर आवेदकों के आधार कार्ड, पहचान पत्र, जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अव्यवस्थित तरीके से रखे मिले। साथ ही निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने की शिकायतें भी सामने आईं, जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया।

उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने सभी सीएससी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें, शासन द्वारा निर्धारित शुल्क ही लें तथा आवेदकों के दस्तावेजों और अभिलेखों का सुरक्षित एवं नियमानुसार रखरखाव सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान एक केंद्र का लैपटॉप कब्जे में लेकर आवश्यक जांच शुरू कर दी गई है। वहीं संबंधित केंद्र को सील करने के लिए तहसीलदार को निर्देशित किया गया है। उपजिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि जन सुविधा केंद्रों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page